Thursday, October 15, 2026

त्योहारों से पहले सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने व्यापारियों के साथ की बैठक

शनिचरी बाजार में वन-वे व्यवस्था और निर्धारित पार्किंग के पालन के निर्देश, सीसीटीवी दुरुस्त रखने और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की दी सलाह

दुर्ग : न्यूज़ 36 : आगामी त्योहारों के मद्देनजर सराफा बाजार में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बाजार का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सराफा व्यवसायियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। शनिचरी बाजार क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा पार्किंग स्थलों में की गई व्हाइट मार्किंग के अनुसार वाहन पार्क करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार में जाम की स्थिति निर्मित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
सराफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों एवं बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू और दुरुस्त रखने की सलाह दी। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अन्य राज्यों से आने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा की जा रही धोखाधड़ी तथा दुर्ग, पाटन एवं आसपास के क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों के साथ सामने आए धोखाधड़ी के मामलों पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से व्यापारिक लेन-देन के दौरान संबंधित व्यक्तियों की पहचान और भुगतान की पुष्टि करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भारती मरकाम, थाना प्रभारी कोतवाली एवं सराफा संघ के अध्यक्ष प्रकाश सांखला सहित 50 से अधिक व्यापारी और संघ के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करते हुए त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस एवं व्यापारियों के बीच समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।
सराफा संघ के सदस्यों ने बाजार की सुरक्षा और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर पुलिस द्वारा की गई इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।दुर्ग पुलिस ने सराफा व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा व्यापारिक लेन-देन के दौरान पहचान एवं भुगतान की पुष्टि करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, धोखाधड़ी के प्रयास अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।वहीं, आम नागरिकों एवं व्यापारियों से शनिचरी बाजार सहित अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, वन-वे व्यवस्था एवं यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनधिकृत पार्किंग से बचने की अपील की गई है, ताकि त्योहारों के दौरान बाजार में सुरक्षित एवं सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news