Friday, October 9, 2026

BSP में ‘वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह’ का आयोजन

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के संपर्क व प्रशासन, राजभाषा विभाग द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन विकास केंद्र के प्रथम तल स्थित सभागार में ‘वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), भिलाई इस्पात संयंत्र अजय कुमार चक्रबर्ती थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण उपस्थित थे। इस अवसर पर संयंत्र के विभाग प्रमुखगण एवं उच्चाधिकारीगण, विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारीगण, राजभाषा पखवाड़ा की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेतागण एवं निर्णायकगण तथा बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी कार्मिकगण उपस्थित थे।

सर्वप्रथम राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथिगण का स्वागत महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क)  अमूल्य प्रियदर्शी द्वारा पुस्तक भेंट कर किया गया। इसके पश्चात उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) राघवेन्द्र कुमार गर्ग द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने संयंत्र में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने हेतु मुख्य अतिथि एवं उच्चाधिकारीगण के प्रति आभार व्यक्त किया। पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने पुरस्कार विजेताओं से हिंदी के प्रचार एवं प्रोत्साहन में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), भिलाई इस्पात संयंत्र श्री अजय कुमार चक्रबर्ती द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि हिंदी भाषी क्षेत्र के निवासी होने के नाते हमारे समस्त सूचनाएँ एवं संदेश हिंदी में ही प्रसारित किए जाते हैं। इसी प्रकार हमें यह प्रयास करना चाहिए कि कार्यालयीन संवाद एवं पत्राचार में भी हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग किया जाए। राजभाषा पखवाड़ा के समापन समारोह के अवसर पर उन्होंने भिलाई बिरादरी का आह्वान किया कि हिंदी को अपने कार्यालयीन कामकाज की भाषा के रूप में अधिक से अधिक प्रयोग में लाकर अपने राष्ट्रीय दायित्व की पूर्ति करें। उन्होंने दृढ़ता पूर्वक कहा कि राजभाषा नीतियों के कार्यान्वयन एवं अनुपालन की दिशा में हमें निरंतर अग्रणी रहना है।

वार्षिक पुरस्कार वितरण के क्रम में अपने-अपने विभागों एवं अंचलों में हिंदी में कामकाज को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राजभाषा उन्नायक सम्मान’ प्रदान किए गए। यह सम्मान कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा)  प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) बिजय कुमार बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ) प्रवीन राय भल्ला, मुख्य महाप्रबंधक (प्रबंधन सेवाएँ) रविशंकर, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा एवं मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. उदय कुमार धाबर्डे को प्रदान किए गए।

इस अवसर पर हिंदी में श्रेष्ठ कार्य के लिए 20 कार्मिकों को ‘विशिष्ट सेवा सम्मान’ तथा संयंत्र के 10 कार्यालयों को ‘राजभाषा समूह/कार्यालय पुरस्कार’ प्रदान किए गए।

‘निदेशक प्रभारी, राजभाषा वैजयंती’ के अंतर्गत खदान क्षेत्र में ‘राजहरा लौह अयस्क समूह’, संकार्य क्षेत्र में ‘यूनिवर्सल रेल मिल’ तथा गैर-संकार्य क्षेत्र में ‘नगर सेवाएँ’ विभाग को विजेता घोषित किया गया।

‘सर्वश्रेष्ठ हिंदी समन्वय अधिकारी’ का सम्मान सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी (एम एंड यू)  उदय भानु तिवारी को प्रदान किया गया।

राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित ऑनलाइन क्विज, तात्कालिक निबंध लेखन, तात्कालिक काव्य लेखन, ‘चित्र देखें–कहानी लिखें’ तथा तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा) जितेन्द्र दास मानिकपुरी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी (एम एंड यू) श्री उदय भानु तिवारी द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news