दुर्ग : न्यूज़ 36 : स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में बस चलाते मिले दो चालकों को पकड़ा है। दोनों मामलों में पुलिस ने बसों को जप्त कर चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि, 7 सितंबर 2026 को चिखली चौक पर यातायात पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान बस चालकों की जांच की गई। जांच में कृष्णा पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 07 CT 0968 का चालक तथा दुर्ग से कवर्धा संचालित दुर्ग रोडवेज की यात्री बस क्रमांक CG 07 E 1762 का चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
यातायात पुलिस ने दोनों बसों को मौके पर जप्त कर लिया। दोनों चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु भेजा गया। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर स्कूल बस और यात्री बस चालकों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बस एवं यात्री बस संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि चालक पूरी तरह स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त अवस्था में ही वाहन चलाएं।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, क्योंकि इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों का जीवन भी गंभीर खतरे में पड़ सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
