दुर्ग : न्यूज़ 36 : गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में तेज बहाव के कारण बहे 32 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने दो दिनों तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। शव को नदी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की शाम खुर्सीपार भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32) अपने दो साथियों के साथ गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के तट पर पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान वह नदी किनारे बर्तन धो रहा था। अचानक पैर फिसलने और नदी में तेज बहाव होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरु किया। नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने 6 सितंबर की शाम से 7 सितंबर तक लगातार दो दिनों तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने सहदेव महोबिया का शव नदी से बरामद कर लिया। मृतक के पिता का नाम मुरली महोबिया बताया गया है। पुलिस ने शव को आगे की कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
बरसात में नदी-नालों से दूर रहने की अपील
प्रशासन एवं नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनती नदियों, जलाशयों और गहरे जलस्रोतों के पास जाने से बचें। तेज बहाव वाले पानी में उतरना जानलेवा हो सकता है। नागरिकों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
