भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर 100 किलोग्राम स्क्रैब कापर केबल चोरी कर कार से बाहर ले जाने का प्रयास करने वाले पांच आरोपियों को भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की कापर केबल और घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन सहित कुल 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियोन की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार को बीएसपी की सुरक्षा इकाई द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ व्यक्तियों ने भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर करीब 100 किलोग्राम स्क्रैब कापर केबल को कार में लोड कर चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों को सीआइएसएफ ने पकड़ लिया। रिपोर्ट के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, दीपक ठाकुर, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कापर केबल चोरी करने और उसे प्लांट से बाहर ले जाने का प्रयास करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 किलोग्राम स्क्रैब कापर केबल, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है तथा घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, कीमत करीब 30 हजार रुपये, जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त सामग्री की कीमत 80 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में हरीश बाग, दीपक ठाकुर, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू शामिल हैं। सभी आरोपित नेवई थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
