अवैध पसरा हटाने पहुंची थी टीम, विरोध के दौरान हुआ हमला; सेक्टर-9 अस्पताल के ICU में भर्ती
भिलाई : न्यूज़ 36 : कोतवाली थाना क्षेत्र के पंथी चौक के पास फॉरेस्ट एवेन्यू रोड रुआबांधा सेक्टर क्षेत्र पर अवैध रूप से लगाए गए पसरे और ठेले हटाने पहुंची बीएसपी टाउनशिप एनफोर्समेंट टीम पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में एनफोर्समेंट विभाग के इंस्पेक्टर कुतुबुद्दीन कुरैशी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ICU में रखा गया है। वहीं एक अन्य इंस्पेक्टर किंजल पांडे को आंख के पास पत्थर लगने से चोट आई है। महिला सुरक्षा गार्ड भी पथराव की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।
कोतवाली पुलिस लिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बीएसपी का टाउनशिप एनफोर्समेंट विभाग फॉरेस्ट एवेन्यू रोड, रुआबांधा सेक्टर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर पसरा लगाकर कारोबार करने वालों और ठेले वालों को हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंचा था। टीम द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने पर कुछ अवैध कारोबारियों ने इसका विरोध किया।
कार्रवाई का विरोध करते हुए किया पथराव
बताया गया कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने एनफोर्समेंट टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर पत्थर बरसाना शुरु कर दिया। पथराव में एक महिला सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंस्पेक्टर कुतुबुद्दीन कुरैशी ने कथित रूप से पथराव कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद अन्य लोगों ने भी पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कुतुबुद्दीन कुरैशी के सिर पर गंभीर चोट आई। वहीं इंस्पेक्टर किंजल पांडे को भी आंख के पास पत्थर लगा, जिससे वह घायल हो गए।
ICU में चल रहा इलाज
गंभीर रुप से घायल कुतुबुद्दीन कुरैशी को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें ICU वार्ड में भर्ती किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरु कर दी है।
घायल इंस्पेक्टर किंजल पांडे की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर पाठक ने की है।
पुलिस द्वारा पथराव में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
