भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किराए की कार को अपना वाहन बताकर बेचने का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार किराए पर लेने के दौरान फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। बाद में उसी वाहन को अपना बताकर बेचने की कोशिश की।
छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि खुर्सीपार निवासी हिमांशु वैष्णव ने दो सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी शुभम अनिल रामटेके ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए वाहन क्रमांक सीजी 10 बीई 6250 किराए पर लिया था। इसके बाद उसने वाहन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए उसे बेचने का प्रयास किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
