भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक घायल हो गया, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दो दोस्तों में से एक के हाथ में भी चाकू लगा है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी चमन लाल नागरची (20 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मजदूरी का काम करता है। 2 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त कृष देशराज और प्रिंस देशराज के साथ अटल आवास, जवाहर नगर के पास कृष के घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले सन्नी और बबलू वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात को लेकर कृष के साथ गाली-गलौज करने लगे।
चमन लाल द्वारा गाली देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट शुरु कर दी। आरोप है कि इसी दौरान सन्नी ने कमर से धारदार चाकू निकालकर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए चमन के सीने पर वार किया। चमन ने पीछे हटकर खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर दोबारा सीने पर वार किया, जिससे वह घायल होकर लहूलुहान हो गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे कृष देशराज पर भी सन्नी ने चाकू से हमला किया, जिससे उसके दाहिने हाथ के पंजे और अंगूठे में चोट आई। वहीं प्रिंस देशराज के साथ बबलू द्वारा हाथ-मुक्के से मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर वैशाली नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0344/26 दर्ज करते हुए आरोपी बबलू और सन्नी के खिलाफ धारा 109, 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
