Tuesday, September 1, 2026

भिलाई-3 में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय और परिवार न्यायालय कैम्प कोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन

न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, नागरिकों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी न्याय की सुविधा

भिलाई : न्यूज़ 36 : नागरिकों को उनके निकट न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भिलाई-3 में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय तथा परिवार न्यायालय (कैम्प कोर्ट-अतिरिक्त बैठक), जिला दुर्ग का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने पोर्टफोलियो न्यायाधीश, जिला दुर्ग न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी की गरिमामयी उपस्थिति में इस नवीन न्यायिक सुविधा का वर्चुअल शुभारंभ किया।

उद्घाटन अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने मुख्य उद्बोधन दिया। उन्होंने न्यायिक सेवाओं के विस्तार और आम नागरिकों तक न्याय को अधिक सुगम बनाने की दिशा में इस पहल के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

स्थानीय नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ

भिलाई-3 में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय तथा परिवार न्यायालय कैम्प कोर्ट शुरु होने से क्षेत्र के नागरिकों को न्यायिक कार्यवाहियों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अधिक सुविधाजनक और निकटस्थ न्यायिक मंच उपलब्ध होगा।

विशेष रूप से परिवार न्यायालय की कैम्प कोर्ट व्यवस्था शुरु होने से पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में पक्षकारों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पहल न्याय वितरण प्रणाली को अधिक सुगम, सुलभ और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया स्वागत

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्ग के. विनोद कुजूर ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने भिलाई-3 को तेजी से विकसित हो रहा महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां बढ़ती आबादी के साथ विभिन्न प्रकार की विधिक आवश्यकताएं भी बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि भिलाई-3 में न्यायालयों की स्थापना के पीछे की परिकल्पना और मार्गदर्शक विचार मुख्य न्यायाधिपति के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से प्रेरित हैं। उन्होंने इसे अधिक सुगम, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित न्याय वितरण प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

वीडियो के जरिए दिखाई गई न्यायिक सुविधा की झलक

वर्चुअल उद्घाटन के बाद भिलाई-3 में प्रारंभ की जा रही जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय तथा परिवार न्यायालय कैम्प कोर्ट से संबंधित संक्षिप्त वीडियो प्रस्तुति दी गई। इसमें प्रस्तावित न्यायिक सुविधा और उसकी कार्यप्रणाली की झलक उपस्थित लोगों को दिखाई गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय दुर्ग सुमन एक्का ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य न्यायाधिपति, न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

भिलाई-3 में न्यायिक सुविधा का यह विस्तार “न्याय को लोगों के और निकट लाने” की दिशा में अहम पहल है। इससे क्षेत्र में न्यायिक अधोसंरचना मजबूत होने के साथ नागरिकों को अधिक सुगम और सुविधाजनक न्याय व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news