Tuesday, September 1, 2026

मोहननगर क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धारदार हथियार लेकर घूम रहे 5 पकड़े गए

10 हथियार जब्त, दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल

दुर्ग : न्यूज़ 36 : अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत मोहननगर थाना पुलिस ने 29 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा। इनमें तीन बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने सभी के कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे लोगों की तलाशी ली, जिसमें उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए।

पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान जितेंद्र मरकाम (24), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा, दुर्ग; शैलेश देशमुख (22), निवासी गया नगर, दुर्ग और जय देशमुख (21), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा, दुर्ग के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं।
पुलिस ने सभी मामलों में धारदार हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। जब्त हथियारों में कुल 10 नग धारदार हथियार शामिल हैं।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने का उद्देश्य अपराधों को घटित होने से पहले रोकना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधि या किसी व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। असामाजिक तत्वों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news