मेले में महिलाओं के हुनर को मिला बाजार और सम्मान
भिलाई : न्यूज़ 36 : महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके हुनर को बाजार से जोड़ने एवं उनके द्वारा तैयार उत्पादों को उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोल्डन फैदरवेलफेयर फाउन्डेशन की अध्यक्ष श्रीमती सोनाली देशमुख के नेतृत्व में महिला स्वावलंबन मेले का आयोजन किया गया।
मेले का शुभारंभ सर्वोदय वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्ण बहादुर सोनी जी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सर्वोदय वेलफेयर सोसाइटी के कमेटी मेंबर, नारी शक्ति वाहिनी की अध्यक्ष श्रीमती भारती गनोड़कर एवं अन्य कमेटी सदस्य, साथ ही गोल्डन फैदरवेलफेयर फाउन्डेशन की संरक्षक श्रीमती सुधा वैष्णवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सचिव डाॅ. अनघा आगाशे एवं उपाध्यक्ष श्रीमती रश्मि दास सहित संस्था के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेले में घर से कार्य करने वाली महिलाओं एवं महिला उद्यमियों ने अपने विभिन्न हस्तनिर्मित एवं उपयोगी उत्पादों के स्टॉल लगाए। मेले का उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री करना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने हुनर की पहचान, नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना था।
मेले में स्थानीय नागरिकों एवं परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और महिला उद्यमियों के उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे प्रतिभागी महिलाओं में अपने कार्य को आगे बढ़ाने और इसे स्वरोजगार के रूप में विकसित करने का आत्मविश्वास बढ़ा।गोल्डन फैदरवेलफेयर फाउन्डेशन की अध्यक्ष श्रीमती सोनाली देशमुख ने कहा कि “महिलाओं को केवल अवसर देने की आवश्यकता है; उनके हुनर और मेहनत में अपने पैरों पर खड़े होने की पूरी क्षमता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारा प्रयास है कि घर से कार्य करने वाली महिलाओं को बाजार, ग्राहक और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले।”
संस्था ने मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सर्वोदय वेलफेयर फाउंडेशन, सर्वोदय वेलफेयर सोसाइटी, नारी शक्ति वाहिनी सभी अतिथियों, स्टॉल प्रतिभागियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
