SSP दुर्ग विजय अग्रवाल ने किया मौका मुआयना
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई के हृदय स्थल सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने के लिए यातायात पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। शाम के समय मार्केट में लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ चर्चा कर पार्किंग व्यवस्था में बदलाव की रुपरेखा तैयार की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने पुलिस टीम के साथ सिविक सेंटर का भ्रमण कर मौके की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों एवं नागरिकों से चर्चा कर जाम और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।
सफेद पट्टी के अंदर ही खड़े होंगे वाहन
नई व्यवस्था के तहत सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर कार और बाइक की पार्किंग के लिए अलग-अलग बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहनों को केवल सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क करने की अनुमति होगी। सफेद पट्टी के बाहर अथवा प्रतिबंधित स्थान पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों से भी कहा गया है कि वे अपनी और अपने कर्मचारियों की गाड़ियां दुकानों के सामने सड़क पर खड़ी करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें।
अतिक्रमण और अवैध दुकानों पर होगी कार्रवाई
सिविक सेंटर क्षेत्र में मौजूद अनावश्यक झाड़ियों एवं पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कर पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थानों पर सफेद पट्टी की मार्किंग की जाएगी। इसके अलावा ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां व्यवस्थित पार्किंग विकसित की जा सकती है।
हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए दुकानदारों द्वारा आपसी सहमति से गार्ड की नियुक्ति किए जाने की बात भी सामने आई है। ये गार्ड वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर सही तरीके से वाहन पार्क करने के लिए मार्गदर्शन करेंगे।
बीएसपी और निगम के साथ समन्वय
सिविक सेंटर को व्यवस्थित करने की पूरी कवायद में भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम की टीम के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यापारियों, नागरिकों और संबंधित विभागों के सहयोग से सिविक सेंटर में स्थायी यातायात व्यवस्था विकसित करना है।
आम लोगों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील
की है कि सिविक सेंटर या शहर के किसी भी क्षेत्र में वाहन लेकर जाते समय निर्धारित पार्किंग स्थल और सफेद पट्टी के अंदर ही वाहन खड़ा करें। सड़क पर बेतरतीब या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सामूहिक सहयोग से सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और जाममुक्त क्षेत्र बनाया जा सकता है।
