भिलाईः अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में लंबित अपराधों, डिजिटल विवेचना, साइबर अपराध, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। साथ ही त्योहारी आयोजनों और बाजारों में यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखने कहा गया है।
बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के तहत ई-साक्ष्य, ई-एफएलएल, मेडलीपार और डिजिटल विवेचना की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार अपनाने पर जोर दिया गया। इलेक्ट्रानिक दस्तावेज, मोबाइल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा प्रकरण से लिंक करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयावधि में विवेचना पूर्ण कर चालान पेश करने तथा वर्ष
2024-25 से लंबित प्रकरणों, एमएलसी, एफएसएल रिपोर्ट और बैंक संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारी आयोजनों को देखते हुए बाजारों में यातायात व्यवस्था, गणेश पंडालों के लिए निर्धारित स्थान, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर बैठे मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने को भी कहा गया।
13 अधिकारी सम्मानित इस मौके पर आनलाइन पुलिसिंग एवं विवेचना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए डिजिटल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सम्मानित अधिकारियों में निरीक्षक नवीन राजपूत, केशव राम कोसले, गुरविंदर सिंह, जितेन्द्र वर्मा शामिल है।
