भिलाई : न्यूज़ 36 : पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो से घर लौट रहे 84 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से ऑटो चालक और उसके साथी द्वारा मारपीट कर 2500 रुपये छीनने का मामला सामने आया है। घटना रविवार दोपहर नंदिनी रोड पर राजस्थान होटल के पास महाराणा प्रताप बारदाना दुकान के सामने हुई। शिकायत पर छावनी पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक और उसके साथी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उमाशंकर श्रीवास्तव (84) ने बताया कि वह भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन में एडिशनल जनरल मैनेजर के पद से वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त हुए हैं। रविवार को दोपहर करीब 3 बजे वे जवाहर मार्केट पावर हाउस से सामान खरीदने के बाद ऑटो क्रमांक CG 07 T 3083 में सवार होकर कैलाश नगर, जामुल स्थित अपने घर जा रहे थे।
ऑटो में चालक के अलावा उसका एक साथी भी मौजूद था। चालक ने उमाशंकर को आगे की सीट पर बैठाया, जबकि उसका साथी पीछे बैठा था। नंदिनी रोड पर राजस्थान होटल के पास पहुंचने पर ऑटो चालक ने महाराणा प्रताप बारदाना दुकान के सामने वाहन रोक दिया।
आरोप है कि ऑटो रुकते ही चालक ने जबरन बुजुर्ग की शर्ट की ऊपरी जेब में रखे 2500 रुपये निकालने की कोशिश की। उमाशंकर ने चालक का हाथ पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने रुपये नीचे गिरा दिए और उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से वे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ऑटो में बैठे दूसरे व्यक्ति ने नीचे गिरे रुपये उठा लिए।
इसके बाद दोनों आरोपी ऑटो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। उमाशंकर ने शोर मचाया तो आसपास रहने वाले दो लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उठाया। बुजुर्ग ने दोनों स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे आरोपियों को नाम से नहीं जानते, लेकिन सामने आने पर पहचान सकते हैं।
शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने ऑटो क्रमांक CG 07 T 3083 के चालक और उसके साथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0537/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) और 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस ऑटो के नंबर के आधार पर आरोपी चालक और उसके साथी की तलाश में जुटी है।
