भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र के आकाश गंगा में उधारी रकम और सब्जी के कैरेट वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर मारपीट व धमकी देने वाले आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आकाश गंगा स्थित थोक सब्जी दुकान संचालक नारायण सिंह से आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी ने पूर्व में उधारी में सब्जी ली थी। आरोपी पर उधारी रकम के साथ 77 नग सब्जी कैरेट वापस करना बाकी था। शनिवार को पारस ज्वेलर्स के पास आरोपी के मिलने पर प्रार्थी ने रकम वापस करने की बात कही। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टाटा एस वाहन से धारदार हथियार निकालकर लहराते हुए प्रार्थी को डराया। बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रांसपोर्टर पुष्पेन्द्र साहू से भी आरोपी ने मारपीट की। सूचना पर डायल-112 की मदद से आरोपी को पकड़कर थाना लाया गया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी (20) को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
