भिलाई : न्यूज़ 36 : बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन पर दिए गए आवासों के बढ़े किराये और लाइसेंस आवासों से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को सेक्टर-एक मुर्गा चौक पर प्रदर्शन किया गया। आमसभा के बाद प्रदर्शनकारियों को इस्पात भवन की ओर जाने से रोकने के लिए दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने एक बैरिकेड तोड़ दिया, जबकि दूसरे को पार नहीं कर सके। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस व सीआइएसएफ के जवान मौजूद थे।
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीएसपी प्रबंधन वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहा है। प्रदर्शन के बाद संयंत्र के प्रभारी निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में रिटेंशन आवासों का किराया बढ़ाकर 24 रुपये प्रति वर्गफीट किए जाने का विरोध करते हुए वृद्धि वापस लेने की मांग की गई। साथ ही लाइसेंस आवासों के नवीनीकरण पर रोक और आवास खाली कराने संबंधी आदेश वापस लेने की मांग रखी गई। अन्य विषयों को भी वक्ताओं ने उठाया। इस दौरान हाउस लीज संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र परगनिहा, भिलाई निगम के सभापति गिरवर बंटी साहू, राजेश चौधरी, जुल्फीकार खान, समय लाल साहू, डीकाम राजू सहित अन्य थे।
