Saturday, August 8, 2026

वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया अश्लील वीडियो

खुर्सीपार पुलिस ने उत्तर प्रदेश से किया आरोपी को गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 :  खुर्सीपार थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर युवती का अश्लील वीडियो प्रसारित कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी मनीष साहनी (27 वर्ष) निवासी नया नगर, देवरिया (उत्तर प्रदेश) ने वीडियो कॉल के दौरान उसकी जानकारी और सहमति के बिना अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने वह वीडियो पीड़िता के रिश्तेदारों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी निजता और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई।

शिकायत के आधार पर खुर्सीपार थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 279/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66E, 67 और 67A के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम को आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश के देवरिया भेजा गया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी व्यक्ति की निजी फोटो या वीडियो उसकी अनुमति के बिना रिकॉर्ड करना या सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर और दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन को देने की अपील की गई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news