भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना पुलिस ने अपहरण और डकैती के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित मामले में पुलिस की कार्रवाई और मजबूत हो गई है।
पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी करण कुमार कुर्रे रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई 2026 की रात वह अपने परिचित दिव्य बदी के साथ भिलाई-03 जा रहा था। गदा चौक सुपेला के पास कुछ युवकों ने मदद करने का झांसा देकर दोनों को रोक लिया और सेक्टर-06 स्थित साईं मंदिर के पीछे खंडहर क्वार्टर में ले जाकर मारपीट की। आरोपियों ने चांदी की अंगूठियां, ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और नगदी लूट ली। इतना ही नहीं, मोबाइल के जरिए धमकाकर ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर कराई और बाद में उनकी एक्टिवा लेकर फरार हो गए।
मामले में सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 953/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140 एवं 310(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु की गई। जांच के दौरान पहले ही अन्य आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी थी।
इसी क्रम में फरार आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू देवदास (19 वर्ष) निवासी शिवाजी चौक, चरौदा (हाल शंकरपारा तालाब के पास, सुपेला) को मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने लूटे गए रियलमी मोबाइल को बेचने के लिए दूसरे आरोपी को देने तथा हिस्से में मिली नगदी खर्च कर देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का तरीका यह था कि वे राहगीरों को मदद का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाते, फिर मारपीट कर हथियार के बल पर नगदी, मोबाइल और आभूषण लूट लेते तथा मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराकर उन्हें धमकी देकर छोड़ देते थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अमर दास गंगेले, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र तिवारी तथा आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह, धर्मेंद्र सूर्यवंशी और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
