हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाली 3 महिला आरोपी गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार के देवार बस्ती में धारदार हथियारों के दम पर खुद को इलाके का ‘दादा’ बताकर लोगों में दहशत फैलाने वाले गिरोह पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब दो महीने से फरार चल रही तीन महिला आरोपियों को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को देवार बस्ती में कुछ लोग धारदार हथियार लेकर खुलेआम उत्पात मचा रहे थे। आरोपी खुद को क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए लोगों को धमका रहे थे, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अमजद देवार (52) को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे।
मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 333, 191, 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मंगलवार को फरार आरोपी जानवी देवार (20), राजमा देवार (27) और मोनिका उर्फ गुलपसा देवार (27) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई अभी भी जारी है।
इस कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
