BSP लोहा चोरी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से कथित तौर पर 250 टन लोहे की चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर 1 जुलाई को भिलाई में ‘न्याय की मशाल यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा शाम 7 बजे सिविक सेंटर भिलाई से प्रारंभ होगी।
आयोजकों के अनुसार, मशाल यात्रा का उद्देश्य लोहा चोरी जैसे गंभीर मामले में दोषियों को सख्त सजा दिलाने तथा पूरे प्रकरण की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर न्याय और जवाबदेही की इस लड़ाई में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की गई है।

आयोजकों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और भ्रष्टाचार एवं चोरी के खिलाफ जनजागरण के लिए समाज के सभी वर्गों का एकजुट होना आवश्यक है। मशाल यात्रा के माध्यम से प्रशासन और संबंधित एजेंसियों का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
‘भिलाई की जनता’ के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
