दुर्ग : न्यूज़ 36 : भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जिला कैंसर अस्पताल, दुर्ग में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनिश पटेल ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि थाना चांदखुरी, जिला बेमेतरा में दर्ज अपराध क्रमांक-114/2026 के एक मामले को कमजोर करने के एवज में प्रधान आरक्षक अजय लहरे द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत लेने की सहमति मिलने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। गुरुवार 26 जून को आयोजित ट्रैप के दौरान आरोपी प्रधान आरक्षक अजय लहरे को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 तथा भारतीयन्याय संहिता (बीएनएस) 2018 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
