Saturday, June 27, 2026

शराब पार्टी में हुआ विवाद, सब्बल से वार कर युवक की हत्या

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में 18 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम डूमर के कोटवार ने सूचना दी कि गांव की पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की।

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना के आधार पर उसकी पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल शुरु की।

विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक चेतन ठाकुर, रोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ रात में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि देर रात करीब 1 बजे रोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से हत्या में प्रयुक्त सब्बल एवं कपड़ों को बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति अलग से जारी की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news