Friday, June 26, 2026

‘क्वेस्ट द क्विज़ क्लब’ के रजत जयंती वर्ष पर जारी संकलन का विमोचन

2.5 दशक पहले बीएसपी में सेवारत कार्मिकों ने रखी थी ‘क्वेस्ट द क्विज क्लब’ की नींव

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट में 2.5 दशक पहले सेवारत युवा अफसरों-कर्मियों की गतिविधि ‘क्वेस्ट द क्विज़ क्लब’ की रजत जयंती पर ‘सिल्वर जुबली एलमनाक’ का विमोचन वी रवि ने मुंबई से ऑनलाइन किया। रवि इस क्विज़ क्लब के अग्रणी  संस्थापक सदस्यों में से एक थे तथा बीस वर्षों तक भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्य करने के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, मुंबई से वर्ष 2022 में सेवानिवृत्त हुए हैं। इस एलमनाक (सूचनाकोष) का संकलन ‘क्वेस्ट द क्विज़ क्लब’ के संयोजक और कॉर्पोरेट पावर ग्रुप, सेल से वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त सीजीएम सौरभ सिन्हा ने किया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2001 में बीबीसी मास्टरमाइंड इंडिया क्विज़ की प्रारंभिक चयन परीक्षा में शामिल भिलाई के प्रतिभागियों ने एक नियमित क्विजिंग मंच की जरूरत महसूस की थी। सौरभ सिन्हा इस परीक्षा का भिलाई में आयोजन प्रख्यात क्विजमास्टर सिद्धार्थ बसु की सिनर्जी कम्युनिकेशंस के लिए कर रहे थे। इसके फलस्वरूप ‘क्वेस्ट द क्विज़ क्लब’ की नींव रखी गई, जो कि 21 जून 2001 से प्रारंभ हुई। जिसमें प्रतिमाह स्टील क्लब, सेक्टर 8, भिलाई में क्विज़ के कार्यक्रम आयोजित किये जाते थे।

यह  कार्यक्रम अक्टूबर 2007 तक अनवरत चलते रहे। वर्ष 2000 में इस प्रतिष्ठित प्रतिस्पर्धा (मास्टरमाइंड इंडिया) की लिखित परीक्षा का आयोजन भिलाई में हरप्रीत सिंह ने किया था जिसमें एस एस परिदा व ज्योति मुंडले अगले दौर (टी वी राउंड) के लिए पश्चिम क्षेत्र से चयनित हुए थे। उसी वर्ष सौरभ सिन्हा भी इस प्रतियोगिता हेतु पूर्वी क्षेत्र से चयनित हुए थे। सौरभ सिन्हा ने बताया कि शुरू में ही यह तय किया गया कि अगला क्विज़ कार्यक्रम पिछली क्विज़ की विजेता टीम करेगी।
इससे सदस्यों में क्विज़ के प्रति ना सिर्फ अभिरुचि बनी रही अपितु बीस से ज़्यादा क्विज़ मास्टर भी तैयार हो गए, जिनमें कुछ बच्चे भी शामिल थे। सौरभ सिन्हा ने बताया कि क्वेस्ट द क्विज़ क्लब को जब  सिनर्जी कम्युनिकेशंस ने स्टार टी वी पर प्रसारित इंडियाज़ चाइल्ड जीनियस 2004 का प्रारंभिक दौर भिलाई में आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई, तो भिलाई के सोलह बच्चे प्रथम चरण मे आए  और छह बच्चे पश्चिम क्षेत्र के दूसरे चरण में चयनित हुए थे।
रजत जयंती वर्ष में इन्हीं गतिविधियों के सूचनाकोष (एलमनाक) विमोचन अवसर पर संस्थापक सदस्यों में ए देवदास, संजय कुमार अग्रवाल, अभय कुमार और जयश्री शामकुंवर के अलावा शालिनी चौरसिया, ऐमान अली व विकास पिपरानी सहित कई युवा सदस्य ऑन लाइन शामिल हुए।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news