भिलाई : न्यूज़ 36 : सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना सुपेला पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही और जोखिमपूर्ण तरीके से मोटरसाइकिल चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून को व्हाट्सएप सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें “स्मार्ट बच्चा युवराज सोनी” नामक आईडी से एक युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज गति से वाहन चलाते हुए अपनी और अन्य राहगीरों की जान को खतरे में डालता नजर आया।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान युवराज सोनी (20 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, मिनीमाता चौक, भिलाई के रूप में की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सदर क्षेत्र में लगातार स्टंटबाजी कर लोगों को परेशान कर रहा था। स्थानीय नागरिकों द्वारासमझाइश दिए जाने पर वह विवाद और झगड़ा करने पर आमादा हो गया, जिससे क्षेत्र में अशांति की स्थिति निर्मित होने लगी थी।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 880/2026 दर्ज कर जांच शुरु की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, रेसिंग या खतरनाक वाहन संचालन न करें। ऐसे कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
