भिलाई : न्यूज़ 36 : बीएसपी प्लांट से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले मामले में दो अन्य आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपीगण पिछले चार-पांच माह से योजना बद्ध तरीके से बीएसपी के लोह स्क्रैप को फ्लू डस्ट परिवहन वाहनों मे डालकर चोरी कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 90 लाख रुपए मूल्य का लोह स्क्रैप एवं वाहनों सहित लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
26 मई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए के ट्रेडर्स हथ खोज भिलाई में पुलिस द्वारा जांच की गई थी। मौके पर विभिन्न हाईवा ट्रक एवं अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग सामग्री भरी हुई पाई गई थी। इस मामले में विवेचना के दौरान आरोपियों आकाश कुमार सिंह निवासी हाउसिंग बोर्ड एवं अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा सेक्टर 2 भिलाई की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
