24 घंटे में 7 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग : न्यूज़ 36 : मोहन नगर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंकने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 24 घण्टे के भीतर सात नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महज 1500 रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 18 जून की रात प्रार्थी दुर्गा सारथी को सूचना मिली कि शक्ति नगर स्थित पशु आहार किसान राईस मिल के कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके परपहुंची पुलिस ने शव की पहचान 26 वर्षीय यशवंत सारथी के रूप में की। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपियों ने सिर पर भारी वस्तु से हमला करने के साथ ही सीना, पेट और पीठ पर कटर से वार कर उसकी हत्या की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोहन नगर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल सात अपचारी बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने से आरोपी नाराज था। इसी विवाद चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 17 जून की रात मुख्य आरोपी ने फोन कर यशवंत को घटनास्थल पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पत्थर से सिर कुचल दिया। इसके बाद कटर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पास के कुएं में फेंककर सभी आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, कटर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं। सभी सातों आरोपी नाबालिग हैं, जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
