Friday, June 19, 2026

रायपुर में की पार्टी, मनगटा रिसार्ट में मिली युवती की लाश

मुस्कान तिवारी की संदिग्ध मौत से उठे कई सवाल

पार्टी में शामिल युवकों-युवतियों से की जा रही पूछताछ

भिलाई : न्यूज़ 36 : राजनांदगांव जिले के वन चेतना केंद्र मनगटा स्थित विसली वुड रिसार्ट में भिलाई की युवती मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला उलझता जा रहा है। पुलिस को पोस्टमार्टम की संक्षिप्त रिपोर्ट का इंतजार है, जबकि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। मुस्कान के साथ मौजूद युवक-युवतियों से सोमनी थाने में पूछताछ जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि युवती के साथ मौजूद लोगों के आपसी संबंध, उनके रिसार्ट आने का उद्देश्य तथा घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि समूह में शामिल युवक दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव के निवासी हैं, जबकि एक अन्य युवती भी भिलाई की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार मुस्कान अपनी सहेली और तीन युवकों के साथ बुधवार को मनगटा पहुंची थी। यहां कुछ समय बिताने के बाद पूरा समूह रायपुर गया, जहां विधानसभा मार्ग स्थित सिमर्स क्लब में देर रात तक पार्टी की गई। इसके बाद समूह के कुछ अन्य युवकों के साथ वे दोबारा मनगटा लौटे। जिस समय मुस्कान की मौत हुई, उस दौरान वहां छह युवक मौजूद थे। घटना की सूचना गुरुवार सुबह स्वजन को दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मुस्कान की मौत के मामले में आशंका को भी जांच के दायरे में रखे पुलिस नशीले पदार्थों के सेवन की हुए है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार समूह रायपुर से लौटने के बाद भी पार्टी कर रहा था। आशंका है कि नशे की अधिक मात्रा या किसी अन्य कारण से युवती की तबीयत बिगड़ी हो। वहीं कार्डियक अरेस्ट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news