भिलाई : न्यूज़ 36 : मोहर्रम पर्व की तैयारियों के दौरान दीवारों की पुताई को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर प्राणघातक हमला करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून को सेक्टर-06 स्थित लाल मैदान में मोहर्रम पर्व के दौरान मदरसा परिसर की दीवारों के रंग-रोगन संबंधी कार्य को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से प्रार्थी पर जानलेवा हमला कर दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वसीम परवेज उर्फ राजा (41 वर्ष) निवासी सेक्टर-06, भिलाई नगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना का कारण मदरसा परिसर की दीवारों की पुताई एवं रंग-रोगन को लेकर उत्पन्न विवाद पाया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से करें तथा कानून को हाथ में लेने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
