दुर्ग : न्यूज़ 36 : मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित आर्य नगर में पिछले माह सामने आए एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट औरगवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला है कि माता-पिता ने पहले अपने दोनों बच्चों की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को आर्य नगर स्थित एक मकान में गोविंद कुंवर (साहू), उनकी पत्नी चंचल साहू, पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांक साहू (11 वर्ष) मृत अवस्था में मिले थे। प्रारंभिक सूचना पर मोहन नगर थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरु की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि 21 मई की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो गोविंद कुंवर और उनकी पत्नी चंचल साहू अलग-अलग कमरों में फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले, जबकि दोनों बच्चे बिस्तर पर मृत पड़े थे।मामले की गहन जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, शव पंचनामा और परिजनों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने पाया कि बच्चों दृष्णा और यशांक की मौत गला दबाकर दम घोंटने से हुई थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों बच्चों की हत्या माता-पिता गोविंद कुंवर और चंचल साहू ने मिलकर की थी। इसके बाद दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मर्ग जांच पूर्ण होने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। हालांकि मामले के दोनों आरोपी स्वयं मृत हैं, फिर भी कानूनी प्रक्रिया के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच पूरी की जा रही है।
यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब इस सामूहिक त्रासदी के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
