भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना भिलाई-3 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 5.518 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी और एक स्कूटी जब्त की है।
थाना पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवधाम के पास स्थित खाली मैदान में दो युवक स्कूटी में सफेद रंग की बोरी रखकर अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रोहित देवांगन (23 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर, नदगईया पारा, खुर्सीपार तथा दश पासवान (18 वर्ष 1 माह) निवासी दुर्गा मंदिर, नदगईया पारा, खुर्सीपार बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखी सफेद बोरी से पॉलीथिन पैकेट में कुल 5.518 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 79 हजार 100 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में लिया गया है।
