चालक के खिलाफ मामला दर्ज
दुर्ग : न्यूज़ 36 : अंडा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद दुर्घटना के लिए जिम्मेदार मेटाडोर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शरू कर दी है।अंडा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रिसामा निवासी रोशन साहू (38 वर्ष) 14 जून की शाम अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LY 9538 से अंडा से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 5.30 बजे ग्राम अंडा-द्वारिकाडीह चौक के पहले मोड़ के पास तेज रफ्तार मेटाडोर क्रमांक CG 07 CA 9645 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में रोशन साहू के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई भूषण साहू की सूचना पर अंडा थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरु की गई। मर्ग जांच, शव पंचनामा एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि मेटाडोर चालक द्वारा वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाने के कारण दुर्घटना हुई।
जांच के बाद अंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/20 दर्ज करते हुए मेटाडोर चालक के खिलाफ धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
