भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर कैंप-1 में रविवार को एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के शव उनके घर के भीतर मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतकों की पहचान जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) के रुप में हुई है। घटना की जानकारी मृतक के छोटे भाई जी. माधव राव ने पुलिस को दी। उनकी रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला, जबकि वेंकटरमण मूर्ति का शव अंदर के कमरे में नायलॉन की मोटी रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। बताया गया है कि मृतक के भाई ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा था।
घटनास्थल का पुलिस एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है तथा आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार वेंकटरमण मूर्ति ऑटो चालक का कार्य करते थे। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वैशाली नगर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
