दुर्ग पुलिस के विशेष अभियान के तहत 90 प्रकरण दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस नेरविवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने और अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 90 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बाजारों, चौक-चौराहों, पार्कों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग और निगरानी की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सुपेला में सबसे ज्यादा कार्रवाई
विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला में सर्वाधिक 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा अंजोरा में 7, उतई, पुरानी भिलाई, वैशाली नगर और जामुल में 6-6, छावनी, पद्मनाभपुर और दुर्ग थाना में 5-5 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई।
वहीं नेवई, खुर्सीपार और अंडा में 4-4, पाटन, अमलेश्वर और मोहन नगर में 3-3, नंदिनी नगर, बोरी, रानीतराई, पुलगांव तथा कुम्हारी क्षेत्र में 2-2 तथा मचांदूर में 1 प्रकरण दर्ज किया गया।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा
दुर्ग पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है।
पुलिस की अपील
दुर्ग police ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान समय- समय पर चलाए जाते रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
