भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत थाना सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को 2 किलो 210 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कृष्णा नगर सुपेला स्थित स्लॉटर हाउस के पास एक अपचारी बालक सफेद थैले में गांजा रखकर बिक्री करने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही बालक को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे सफेद थैले से मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर विधिवत तौल कराने पर गांजा का कुल वजन 2 किलो 210 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 835/2026 के तहत धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, दुर्ग के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां आगे की प्रक्रिया की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा की बिक्री कर अवैध लाभ कमाने की फिराक में था। मामले की जांच जारी है और गांजा के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, प्रधान आरक्षक अभय शुक्ला तथा आरक्षक रविन्द्र बांधव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
