सुबह 4 बजे की पुलिस ने की घेराबंदी, 4 संदिग्ध वाहन जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार तड़के भिलाई के कैम्प-1 क्षेत्र में बड़ा सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस विशेष ऑपरेशन में 67 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने प्रेम नगर, स्टील नगर और संग्राम चौक क्षेत्र को घेरकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी और डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू भारती मरकाम के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। इसके अलावा फरार आरोपियों की तलाश, वारंट तामीली और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की 4 संदिग्ध दोपहिया वाहनों को जब्त किया। इन वाहनों के दस्तावेजों और स्वामित्व की वैधानिक जांच शुरु कर दी गई है। पुलिस को आशंका है कि इनमें से कुछ वाहन आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए हो सकते हैं।
इस विशेष अभियान में थाना वैशाली नगर, थाना दुर्ग, चौकी स्मृति नगर, थाना नेवई, थाना भिलाई भट्टी, थाना अजाक, एनटीएफ, यातायात पुलिस, एसीसीयू और रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारियों और जवानों ने संयुक्त रुप से हिस्सा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराधियों में भय पैदा करना तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
