Friday, June 12, 2026

नेहरू नगर चोरी कांड में अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

लाखों रुपए के सोना-चांदी और नगदी बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : नेहरु नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में लाखों रुपये की चोरी के मामले का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम, वाहन, मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अगले दिन लौटने पर मकान का मुख्य ताला और अलमारी के लॉक टूटे मिले। अज्ञात चोर घर से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण तथा करीब 3.40 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सुपेला पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी के आभूषणों को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेच दिया गया था तथा प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी :

हारिम, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश)

मोहम्मद नासिर हुसैन, निवासी नई दिल्ली

मोहम्मद कासिम, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश)

सलीम, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश)

मोहम्मद बिलाल, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश)

दिन मोहम्मद, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश)

पुलिस ने किया सामान बरामद

चोरी के सोने, हीरे और चांदी के आभूषण

नगदी रकम

जुपिटर वाहन

सेल्टोस कार

मोबाइल फोन

ताला तोड़ने के औजार

अन्य दस्तावेज एवं साक्ष्य सामग्री

रेकी कर बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिलने पर चोरी की योजना बनाते थे। इसके बाद सुनियोजित तरीके से ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित वारदातों और आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील : 

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों या विश्वसनीय व्यक्तियों को इसकी जानकारी दें, सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news