दुर्ग : न्यूज़ 36 : आगामी नीट-2026 परीक्षा के सुचारू और व्यवस्थित संचालन को लेकर दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। शंकराचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हुडको भिलाई में आयोजित बैठक में जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में 21 जून को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल, पंखों की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का कोचिंग सेंटर संचालित नहीं होना चाहिए। साथ ही परीक्षा केंद्र परिसर में टेंट, एलईडी स्क्रीन या अन्य अनावश्यक व्यवस्थाएं लगाने की अनुमति नहीं होगी।
इन निर्देशों का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के व्यवधान या अनुचित गतिविधि को रोकना है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रहेगी ताकि परीक्षार्थियों को तत्काल सहायता मिल सके। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत, अव्यवस्था या तकनीकी समस्या सामने नहीं आनी चाहिए। सभी केंद्रों को समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के लिए कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और परीक्षा के सफल आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के प्राचार्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
