Tuesday, June 9, 2026

हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख रुपये का चिट्टा बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल परिसर में अवैध रूप से नशे का सामान रखकर बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी महिला राजविंदर कौर के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हुई थी। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि वह एक नेटवर्क के माध्यम से यह मादक पदार्थ प्राप्त करती थी और अलग-अलग इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ की सप्लाई किन स्रोतों से हो रही थी। इस मामले में जामुल थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news