Tuesday, June 9, 2026

इंडियन कॉफी हाउस के वेटर की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत, दोस्तों के साथ गया था नहाने

मूलतः केरल का था रहने वाला

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से केरल का रहने वाला था और भिलाई के होटल इंडिया इंडियन कॉफी हाउस सुपेला में नौकरी करता था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेंहर ने बताया कि मृतक की पहचान आशिन ओएस के रुप में हुई है, जो एर्नाकुलम जिला का निवासी था। वह भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। रविवार को उसका साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी पहुंचा था।बताया गया है कि आशिन तैरना जानता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके अन्य साथी किनारे पर ही मौजूद रहे। नहाने के दौरान वह नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गया, जहां पानी काफी गहरा था। गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया।

युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।

परिजनों के अनुसार आशिन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबहपोस्टमार्टम के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के माध्यम से केरल भेजने की तैयारी की गई, जहां उसके गृह नगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news