Sunday, June 7, 2026

BSP स्क्रैप चोरी कांड, फरार संजय व अभय सिंह पर 10-10 हजार का इनाम

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) स्क्रैप चोरी प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने मामले के फरार आरोपी संजय सिंह एवं अभय सिंह की गिरफ्तारी पर पृथक-पृथक 10हजार रुपये के पुरस्कार की उद्घोषणा की है। पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज भिलाई में जांच की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग सामग्री लोड होना पाया गया।मौके पर भारी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री का अवैध भंडारण मिला। साथ ही स्क्रैप की लोडिंग एवं परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहन और मशीनरी भी बरामद की गई। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों और मशीनों सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।इस मामले में संलिप्त 8 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी संजय सिंह और अभय सिंह की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी तलाश की जा रही है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार स्क्रैप चोरी का उद्देश्य फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी की सामग्री का अवैध परिवहन कर आर्थिक लाभ अर्जित करना था। मामले की जांच जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news