Saturday, June 6, 2026

BSP द्वारा मई माह में अवैध कब्जों से 21,800 वर्गफीट मूल्यवान भूमि कराई गई मुक्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग द्वारा टाउनशिप क्षेत्र में अवैध कब्जों, अतिक्रमणों तथा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाते हुए मई 2026 के दौरान व्यापक कार्रवाई की गई। इस अभियान के अंतर्गत आवासीय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों तथा संयंत्र की मूल्यवान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ-साथ रोड सेफ्टी एवं नगर व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

अभियान के दौरान सेक्टर-6 स्थित अनफिट ब्लॉकों के 40 आवासों से अवैध कब्जे हटाए गए। इसके अतिरिक्त टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 32 अन्य आवासों को भी अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। वहीं 16 विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 21,800 वर्गफीट मूल्यवान भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया, जिससे बीएसपी की परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं सुव्यवस्थित विकास को बल मिला।

प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत टाउनशिप के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर सिविक सेंटर एवं पंथी चौक क्षेत्र में संचालित अवैध ठेलों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित खाद्य सामग्री के ठेलों को हटाकर यातायात एवं सार्वजनिक सुविधाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया गया।

सड़क सुरक्षा एवं नगर सौंदर्यांकरण को ध्यान में रखते हुए 25 अवैध होर्डिंग संरचनाओं को हटाया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों से 975 अवैध बैनर एवं पोस्टर भी हटाए गए। इसके अतिरिक्त नियमों की अवहेलना करने वाले आवासों, दुकानों एवं अवैध परिसरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 53 विद्युत कनेक्शनों कट करने में भी विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह संपूर्ण अभियान महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग)  ए. बी. श्रीनिवास के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन विभाग)  रेमी थॉमस ने किया। कार्रवाई के सफल संचालन में सहायक प्रबंधक (प्रवर्तन विभाग)  मुकुन्द दास मानिकपुरी, संपदा निरीक्षक  रमाकांत यादव, भगवान, ज्ञानचंद जैन, बलराम शुक्ला एवं राम सहित प्रवर्तन विभाग के पुरुष एवं महिला सुरक्षा कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रवर्तन विभाग द्वारा अवैध कब्जाधारियों को लगातार चेतावनी देने का कार्य भी किया जा रहा है। विभाग ने पुनः अपील की है कि संबंधित व्यक्ति संभावित नुकसान एवं प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं ही अवैध कब्जे एवं निर्माण सामग्री हटा लें तथा बीएसपी के नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

 

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news