Friday, June 5, 2026

कैप्सूल ट्रक की टक्कर से लहसुन विक्रेता की मौत, चालक के खिलाफ FIR दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक लहसुन विक्रेता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर कैप्सूल ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार एलआईजी-52, बत्तीस एकड़ हाउसिंग बोर्ड, भिलाई निवासी कालीचरण सिंह रोजाना की तरह 3 जून की सुबह अपनी टीवीएस एक्सएल वाहन क्रमांक CG07LE2871 में लहसुन लेकर बिक्री के लिए घर से निकले थे। वे आसपास के 15 से 20 किलोमीटर के ग्रामीण क्षेत्रों में फेरी लगाकर लहसुन बेचने का कार्य करते थे।

बताया गया कि सुबह करीब 5:30 बजे जब वे एसीसी चौक के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे कैप्सूल ट्रक क्रमांक CG07CU3555 के चालक ने कथित रूप से तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में कालीचरण सिंह के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र सूरज कुमार की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया। पुलिस ने कैप्सूल ट्रक चालक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस एवं 106 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news