Friday, June 5, 2026

NEET पेपर लीक,NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां

विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फटा, भाजपा ने कहा ‘गुंडे’, जाखड़ बोले- FIR हुई तो कोर्ट जाएंगे

भिलाई : न्यूज़ 36 : नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले में बिलासपुर में NSUI ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सांसद और केंद्रीयराज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने सांसद बंगले से काफी पहले ही मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। उग्र होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा।

प्रदर्शन के समापन से पहले NSUI नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर ऑफिस की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। 12 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें मुचलके पर छोड़ा गया वहीं लाठीचार्ज में 6 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

सिम्स अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पुलिस कार्रवाई को बर्बर बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि छात्रों पर FIR दर्ज की गई, तो संगठन भी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।

इस मामले पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यूथ कांग्रेस यानी गुंडोंकी टोली। ये नैतिकता बताने निकले हैं। छत्तीसगढ़ में 5 साल इनकी सरकार थी। व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुए। तब इन्होंने कोई सवाल क्यों नहीं उठाया। आज नैतिकता की बात कर रहे हैं।

Oplus_16908288

केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने प्रदर्शन

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कांग्रेस और छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर में रैली निकाली। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और देश की परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने की मांग कर रहे थे।

NSUI और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।प्रदर्शन के माध्यम से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news