भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंगनी स्थित एक फार्म हाउस में रहने वाले नीलकंठ साहू का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि बुधवार को सुपेला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि सोमवार रात नीलकंठ साहू का अपनी पत्नी तथा वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ विवाद हुआ था। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार नीलकंठ साहू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फार्म हाउस परिसर में रहता था। उसकी पत्नी सावित्री फार्म हाउस में केयरटेकर के रूप में कार्यरत है। बताया गया है कि सोमवार रात क्षेत्र में बिजली गुल होने के बाद नीलकंठ पास में रहने वाले पड़ोसी अमर प्रसाद यादव के घर सोने चला गया था।
इसी दौरान उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और फार्म हाउस के चौकीदार राजकुमार को भी मौके पर बुलाया गया। बाद में लोगों ने नीलकंठ को अपने घर लौट जाने की सलाह दी।
जानकारी के अनुसार इसी दौरान पड़ोसी अमर प्रसाद यादव और चौकीदार राजकुमार के बीच भी विवाद एवं हाथापाई की स्थिति निर्मित हो गई थी। रात में हुए घटनाक्रम के बाद मंगलवार सुबह नीलकंठ साहू का शव उसके घर के सामने पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की बातें भी सामने आ रही हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
शराब के नशे में हुआ था विवाद : संचालक
फार्म हाउस संचालक शेख हारुन ने बताया कि नीलकंठ वहां कार्यरत नहीं था, जबकि उसकी पत्नी सावित्री केयरटेकर के रूप में काम करती है। उनके अनुसार घटना वाली रात सभी लोग साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे, तभी विवाद शुरु हुआ।
हारुन ने बताया कि पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ भी झगड़ा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत नीलकंठ की ओर से हुई थी और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नीलकंठ साहू की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
