बीच-बचाव करने आए दोस्त को भी नहीं छोड़ा
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना खुर्सीपार में तेलहा नाला स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर में पुरानी बात को लेकर दो युवकों द्वारा चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है।हमले में एक युवक घायल हुआ, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक ट्रक लाइन में कार्य करता है। उसने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 1 जून 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने घर पर खाना खा रहा था। उस समय उसका मित्र लक्की उर्फ लखविंदर भी उसके साथ मौजूद था। इसी दौरान शीतल का फोन आया और उसने कहा कि वह उसके घर आ रहा है।
कुछ देर बाद शीतल घर पहुंचा और बाहर बुलाया। जैसे ही पीड़ित घर से बाहर निकला, शीतल ने उससे पप्पू के संबंध में पूछताछ की और बात करने का मौका दिए बिना चाकू निकालकर हमला कर दिया। पीड़ित ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे चाकू उसकेमित्र लक्की उर्फ लखविंदर पर भी शीतल ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ में गंभीर चोट आई। इस दौरान शीतल के साथ मौजूद हरिओम ने भी कथित रूप से उसका सहयोग करते हुए पीड़ित को पकड़ने का प्रयास किया।
घटना के बाद अभिषेक शर्मा और प्रेम शर्मा दोनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला लेकर गए। उपचार के बाद पीड़ित थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि लक्की उर्फ लखविंदर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शीतल यादव और हरिओम ने एक राय होकर उसकी तथा उसके मित्र की हत्या करने की नीयत से चाकू से हमला किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 2 जून की दरमियानी रात्रि 2:00 बजे के करीब युवराज साहू 19 वर्ष की रिपोर्ट पर से आरोपी शीतल यादव एवं हरिओम के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस के द्वारा 109-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
