पुलगांव थाना दुर्ग का मामला
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पोटियाकला क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक कार चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलगांव पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोटिया निवासी भरत वर्मा ने शिकायत में बताया कि उनका बेटा लीलाधर वर्मा शिव बजरंग चौक पोटियाकला में च्वाइस सेंटर और फोटोकॉपी की दुकान संचालित करता है। 24 मई 2026 की रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर लीलाधर अपने बड़े भाई दिनेश वर्मा के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
इसी दौरान तेज साहू के पान ठेला के पास कार क्रमांक TS 07 EW 7213 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लीलाधर वर्मा के सीने, दाहिने हाथ और कोहनी में चोट आई, जबकि दिनेश वर्मा के पैर और हाथ की उंगलियों में चोटें आई हैं। दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक दुर्घटना के बाद वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई।
घायलों को पहले जेमनी अस्पताल पोटियाकला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में दोनों का उपचार जारी है।
प्रार्थी भरत वर्मा की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 0474/26 दर्ज करते हुए आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 184, 185 मोटर व्हीकल एक्ट तथा धारा 110 और 281 बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरु कर दी है।
