Sunday, May 17, 2026

घरेलू विवाद पर मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 16 मई 2026 को प्रार्थी मनीष पटेल ने चौकी जेवरा सिरसा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बुआ सरस्वती पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ठोस वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के पुत्र अश्वनी पटेल से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी मां द्वारा खाना नहीं बनाने की बात को लेकर वह नाराज था। इसी दौरान उसने पास में रखे लकड़ी के डंडे से मां के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर लगातार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया। डॉक्टरों द्वारा जारी प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना बताया गया है।

मामले में पुलिस ने आरोपी अश्वनी पटेल के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पूरे मामले में थाना पुलगांव एवं चौकी जेवरा सिरसा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news