Monday, March 23, 2026

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

7 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के कारोबार का खुलासा

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना जामुल क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ड्रैगन टाइगर, अंदर बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रुलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। ग्राहकों को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए जोड़कर उन्हें आईडी दी जाती थी, जिसके माध्यम से मोबाइल और लैपटॉप से सट्टा खिलाया जाता था।

हर दिन लाखों का लेन-देन

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह द्वारा प्रतिदिन 3 लाख से 7 लाख रुपये तक का लेन-देन किया जा रहा था और कुल मिलाकर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। आरोपी म्यूल बैंक खातों और विभिन्न सिम कार्ड के जरिए लेन-देन छिपाने का प्रयास करते थे।

भारी मात्रा में सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद, 16 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन रजिस्टर और एक पासपोर्ट जब्त किया है।

कानूनी कार्रवाई जारी

मामले में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318 (4) बीएनएस और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस ने की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news