भिलाई : न्यूज़ 36 : सोमनी इलाके के टेडेसरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान अचानक क्रेन गिरने से नीचे चपेट में आए एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। काम करते हुए हादसे से मजदूरों में काफी नाराजगी है। मजदूरों ने प्रबंधन पर काम लेने के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया है। सोमनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम को आदित्य इंजीनियरिंग फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूर 37 वर्षीय ऋषि साहू काम कर रहा था, तभी भारी सामान हटाने पर लगी एक क्रेन पलट गई। क्रेन के चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मजदूरों ने प्रबंधन पर कोताही बरतने का आरोप लगाते जमकर हंगामा भी किया।
फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा को ताक में रखकर मजदूरों से काम लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा होता रहा। इस वजह से काफी देर फैक्ट्री में तनाव की स्थिति रही। देर रात तक मजदूरों का हंगामा होता रहा। पुलिस को भी मामले में दखल देना पड़ा। बताया जा रहा है कि प्रबंधन से मजदूरों ने मृत मजदूर को तत्काल आर्थिक सहायता देने और आजीवन पत्नी को पेंशन देने की मांग की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
