भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई निगम के राजेंद्र नगर वार्ड के डायरिया प्रभावित क्षेत्र में बुधवार को दो और मरीज मिले। बीते आठ दिनों में इस क्षेत्र में 35 मरीज मिल चुके हैं। निगम प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने वार्ड के प्रभावित क्षेत्र में शिविर लगाकर जांच की। वहीं स्पष्ट किया कि डायरिया से किसी की मौत नहीं हुई है। राजेंद्र नगर वार्ड के प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित सर्वे किया जा रहा है। बुधवार को 160 घरों का सर्वे किया गया। जहां उल्टी-दस्त के दो मरीज मिले हैं। एक मरीज का सिविल अस्पताल सुपेला भिलाई में चिकित्सकीय उपचार चल रहा है। अन्य सभी मरीज घर पर चिकित्सकीय उपचार ले रहे हैं। संक्रमित क्षेत्र में उल्टी-दस्त से किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है। सक्रियं सर्वेलेंस का कार्य स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।
